👉 भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) का आगाज, प्रशासनिक तैयारियां तेज।
संत कबीर नगर। अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0)/जिला जनगणना अधिकारी सत्य प्रकाश की अध्यक्षता में भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) हेतु प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
उल्लेखनीय है कि भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण में नागरिकों/जनसंख्या की गणना की जाएगी।
अपर जिलाधिकारी/जिला जनगणना अधिकारी द्वारा आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में संबंधित सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण यानि ‘जनसंख्या गणना’ (Population Enumeration) के सुचारू एवं सफल संचालन हेतु
पूरी तन्मयता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए जनगणना कार्य सफल बनाना सुनिश्चित करें।
आयोजित प्रशिक्षण कार्यशाला में जिला प्रभारी जनगणना सुजीत कुमार द्वारा जनगणना निदेशालय से निर्धारित तिथियों एवं अवधि के दौरान जनसंख्या गणना से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए उपस्थित समस्त प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं विभागीय अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने बताया कि भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) के तहत कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिसमें पहली बार भारत में अनुसूचित जातियों (SC) और अनुसूचित जनजातियों (ST) के अलावा अन्य जातियों की गणना (जातिगत आंकड़े) भी शामिल होगी। उन्होंने बताया कि यह भारत की पहली पूरी तरह से डिजिटल जनगणना होगी जिसमें मोबाइल ऐप का उपयोग किया जाएगा।
जनसंख्या गणना हेतु निर्धारित तिथियों एवं अवधि का उल्लेख करते हुए बताया गया कि दूसरे चरण के तहत स्व-गणना (Self-Enumeration) की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक और मुख्य जनसंख्या गणना 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 के बीच आयोजित की जाएगी। दिनांक 05 जनवरी से 09 जनवरी 2027 तक रिविजनल राउंड चलाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना में शामिल किए गए प्रश्नों में व्यक्तिगत जानकारी, शिक्षा, रोजगार, भाषा, प्रवास, विकलांगता, धर्म और पहली बार जातिगत विवरण जैसे कुल 40 बिंदु शामिल हैं।
इस अवसर पर उप जिलाधिकारी सदर हृदय राम तिवारी, उप जिलाधिकारी धनघटा वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, उप जिलाधिकारी मेहदावल राजकुमार, तहसीलदार सदर अनुराग यादव, तहसीलदार मेहदावल अल्पिका वर्मा, तहसीलदार धनघटा प्रतिमा मौर्य, प्रशासनिक अधिकारी बद्री प्रसाद श्रीवास्तव, जनगणना सहायक कलेक्ट्रेट अभय कुमार चौधरी,सरफराज अहमद सहित खंड विकास अधिकारीगण एवं अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत आदि उपस्थित रहे।


