अलीगढ़। मंगलायतन विश्वविद्यालय में कृषि संकाय, नेचर क्लब एवं एनएसएस यूनिट-4 के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी सप्ताह एवं विश्व ओजोन दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व के साथ ओजोन परत के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया।
कुलपति प्रो. पीके दशोरा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि मातृभाषा हमारी पहचान और संस्कृति से जुड़ी होती है। उन्होंने ओजोन परत के महत्व पर भी प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
अधिष्ठाता अकादमिक प्रो. अम्बरीष शर्मा ने ओजोन परत के क्षरण से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए इसके संरक्षण की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रो. आरके शर्मा, प्रो. दिनेश पांडेय एवं डा. दीपशिखा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई पोस्टर प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
हिंदी दिवस पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं पोस्टर प्रदर्शनी में बीएससी कृषि द्वितीय वर्ष की छात्रा शानू ने प्रथम, विशाल ने द्वितीय तथा विवेक कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने ओजोन परत के महत्व एवं नशा मुक्ति के संदेश पर आधारित नाट्य मंचन प्रस्तुत कर जागरूक किया।
कृषि संकाय के अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में प्रो. वेदरत्न, डा. संजय कुमार सिंह, डा. मयंक प्रताप, डा. पवन कुमार सिंह, डा. प्रत्यक्ष पांडेय, डा. कृष्ण कुमार पटेल, डा. कविता शर्मा, डा. रवि शेखर आदि उपस्थित रहे। संचालन गौरव व सारा फातिमा ने किया।


