रिपोर्ट: संजय त्रिपाठी।
सिद्धार्थनगर। उपजिलाधिकारी डुमरियागंज विवेकानन्द मिश्र ने अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवा डॉ विकास चौधरी के साथ बुधवार को भवानीगंज क्षेत्र के निजी स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कई अस्पतालों में चिकित्सकीय अभिलेख और संचालन से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं मिले, जिसके बाद कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान दादा हनुमान मेमोरियल हॉस्पिटल भवानीगंज के निरीक्षण में मौके पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला तथा अस्पताल संचालन से संबंधित अभिलेख भी उपलब्ध नहीं कराए गए। इसके चलते अस्पताल को सील करने की कार्रवाई की गई और नोटिस तामील कराया गया। इसी तरह लखनऊ पॉलीक्लीनिक और के. शिखा हेल्थ क्लीनिक में भी डॉक्टर इरशाद अहमद द्वारा अस्पताल संचालन से संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं कराए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों को सील कर नोटिस दिया गया।
वहीं श्रेष्ठ डायग्नोस्टिक सेंटर निरीक्षण के दौरान खुला मिला। टीम ने अस्पताल/सेंटर संचालन से संबंधित दस्तावेज मांगे और नोटिस तामील कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में संचालित निजी स्वास्थ्य प्रतिष्ठानों में हड़कंप की स्थिति रही।


