रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। सुदामापुरी, भैंस बहारा निवासी एक सैनी परिवार के साथ मंदिर में पूजा-पाठ के दौरान कथित मारपीट और जातिसूचक गाली-गलौज का मामला सामने आया है। घटना को लेकर महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के अध्यक्ष रमेश सैनी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और घटना की जानकारी लेते हुए संवेदना व्यक्त की। आरोप है कि 17 सितंबर की सुबह करीब 4:45 बजे सैनी समाज का परिवार अपने चार वर्षीय पुत्र के साथ कॉलोनी स्थित मंदिर में पूजा-पाठ कर रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाले भगवान दास चतुर्वेदी, रोहित चतुर्वेदी, उनकी पत्नी एवं कुछ अन्य लोगों ने कथित रूप से जातिसूचक गाली-गलौज करते हुए पति-पत्नी के साथ मारपीट की। घटना में दोनों के घायल होने की बात कही गई है।
समिति अध्यक्ष रमेश सैनी ने घटना की निंदा करते हुए इसे जातिगत उत्पीड़न का मामला बताया। उन्होंने कहा कि मंदिर में पूजा करने को लेकर परिवार के साथ इस तरह का व्यवहार गंभीर मामला है। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और अभी तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।
रमेश सैनी ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई नहीं की गई, तो महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति एवं अखिल भारतीय समता फाउंडेशन की ओर से कोतवाली का घेराव किया जाएगा।
इस दौरान समता फाउंडेशन के अध्यक्ष लुकेश कुमार राही, सूरजभान चौधरी, आकाश बाबू, सुमित कुमार, ऋषि अग्निहोत्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


