प्रयागराज। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में रविवार को संगम सभागार में डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी, लखनऊ द्वारा आयोजित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा के परिवीक्षाधीन अधिकारियों की प्रशिक्षण कार्यशाला संपन्न हुई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के प्रशासन एवं प्रबंधन, आपदा प्रबंधन, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं ऐतिहासिक परिदृश्य के साथ-साथ अवस्थापना, शैक्षणिक और औद्योगिक क्षेत्र की जानकारी से नवचयनित अधिकारियों को परिचित कराने के उद्देश्य से उनका भ्रमण एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने प्रशिक्षु अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अधिकारी सरकार और आम जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी होते हैं। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी सरकार की मंशा के अनुरूप पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
उन्होंने विशेष रूप से अधिकारियों को कार्यों में पारदर्शिता, जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता तथा कर्तव्य के प्रति ईमानदारी बनाए रखने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और अधिकारियों को जनता की समस्याओं को गंभीरता से समझते हुए उनका प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना चाहिए।
कार्यशाला में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनीता सिंह, अपर जिलाधिकारी नगर सत्यम मिश्र, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी कृष्ण मुरारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं प्रशिक्षु अधिकारी उपस्थित रहे।

