•प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिवस पर ऊंचा गांव में हुआ दीपोत्सव, विश्वकर्मा जयंती भी मनाई।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस तथा सार्वजनिक जीवन में सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत ऊंचा गांव स्थित अमृत सरोवर पर भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। मत्स्य विभाग की मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना से लाभान्वित मत्स्य पालक तोरन सिंह ने अपने परिवार के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया।
जाटव बस्ती मंदिर के निकट स्थित तालाब पर सैकड़ों दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से पूरा सरोवर जगमगा उठा और वातावरण भक्तिमय हो गया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों, श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्वलित कर सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्रहित के प्रति संकल्प व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों में सेवा, समर्पण और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य किया है। दीप प्रज्वलन के माध्यम से उनके दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की मंगलकामना की गई।
आयोजन का उद्देश्य सेवा और संकल्प की भावना को जन-जन तक पहुंचाना तथा जनकल्याण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश देना रहा।
मीडिया प्रभारी हर्षित ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिवस मनाने के बाद इसी स्थल पर भगवान विश्वकर्मा जयंती भी श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। भगवान विश्वकर्मा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर क्षेत्र और देश की सुख-समृद्धि की कामना की गई।
कार्यक्रम में पत्रकार तोरन सिंह, बिस्सो देवी, बच्चू सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य चन्द्रवती देवी, दिनेश, बीरो, करन सिंह, सोदान सिंह, प्रधान प्रतिनिधि रोतान सिंह, राशन डीलर पुष्पेंद्र सहित गांव के गणमान्य नागरिक एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।


