•ढोल-मजीरों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा, नैमिषारण्य में गोमती नदी में किया गया विसर्जन
मिश्रिख। नगर में गणेश महोत्सव के समापन पर रविवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन यात्रा धूमधाम से निकाली गई। नगर के विभिन्न मोहल्लों से निकली झांकियों और विसर्जन यात्रा में हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। ढोल-मजीरों की धुन पर श्रद्धालु गणपति बप्पा के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। इससे पूरा नगर भक्तिमय माहौल में नजर आया।
मोहल्ला चंद्रपुर स्थित वार्ड नंबर 21 में योगेश सिंह के नेतृत्व में गणेश महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव के समापन पर भगवान गणेश की आकर्षक झांकी सजाई गई और श्रद्धालुओं के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई। यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए नैमिषारण्य पहुंची, जहां गोमती नदी में विधि-विधान के साथ गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया गया।
विसर्जन यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। कस्बा इंचार्ज गुड्डू जोशी के नेतृत्व में पुलिसकर्मी यात्रा मार्ग पर जगह-जगह तैनात रहे। पुलिस टीम ने भीड़ को नियंत्रित करने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके चलते विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
विसर्जन यात्रा में राहुल मिश्रा, पत्रकार पप्पू त्रिपाठी, शिवम दीक्षित, आशुतोष मिश्रा, धीरज शुक्ला, पुनीत त्रिपाठी, बबलू शुक्ला, सभासद अंकुर सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे।


