कुदरहा(बस्ती)। लालगंज थाना क्षेत्र के कुदरहा पेट्रोल पंप के पास रामजानकी मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार डीसीएम की चपेट में आने से बाइक सवार महिला और करीब आठ माह का बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में महिला के पैर और बच्चे का बायां हाथ पहिए के नीचे आने से बुरी तरह फ्रैक्चर हो गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
कलवारी थाना क्षेत्र के महुआपार कला निवासी संजना पत्नी पवन निषाद अपने देवर पलकधारी के साथ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा जा रही थीं। उन्हें अपनी ननद चंद्रिका को देखने जाना था, जो अपनी ससुराल अशोकपुर माझा से इलाज के लिए कुदरहा आई थीं। बताया गया कि कुदरहा पेट्रोल पंप के पास रामजानकी मार्ग पर पहुंचते ही कुदरहा की ओर से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही संजना बाइक से सड़क पर गिर पड़ीं और उनके साथ मौजूद बच्चा भी हादसे की चपेट में आ गया।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। शिक्षक श्रीकृष्ण ने घायल बच्चे को निजी वाहन से तत्काल पीएचसी कुदरहा पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। वहीं एंबुलेंस की मदद से घायल संजना को बनहरा स्थित सीएचसी कुदरहा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
सूचना पर डायल 112 की पीआरवी टीम के आमिर खान और कुदरहा चौकी के दीवान पवनेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने डीसीएम और उसमें लदी पड़िया को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।


