•साफ-सफाई, प्रकाश, चेंजिंग रूम और बैरिकेडिंग दुरुस्त करने के निर्देश, बोले- श्रद्धालुओं को न हो असुविधा
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने नगर मजिस्ट्रेट अविनाश सिंह और अधिशासी अधिकारी जी लाल के साथ गंगा घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान घाटों पर जमा सिल्ट, साफ-सफाई, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, प्रकाश व्यवस्था, स्नान घाटों पर बैरिकेडिंग और शौचालयों की स्थिति देखी गई। विधायक ने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान नगर विधायक ने घाटों की नियमित साफ-सफाई कराने और जमा सिल्ट को तत्काल हटवाने पर जोर दिया। उन्होंने महिलाओं की सुविधा के लिए चेंजिंग रूम की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ ही स्नान घाटों पर सुरक्षा के दृष्टिगत बैरिकेडिंग मजबूत कराने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था बनाए रखने और शौचालयों की नियमित सफाई कराने के निर्देश दिए।
नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने कहा कि मुख्यमंत्री का स्पष्ट निर्देश है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसी उद्देश्य से गंगा घाटों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया जा रहा है, ताकि कमियों को समय रहते दूर कराया जा सके। उन्होंने अधिकारियों से श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। साथ ही भाजपा के जिला सहकोषाध्यक्ष महेंद्र जायसवाल, आलोक बरनवाल, पंचम यादव, विपिन पांडेय, मुन्ना लाल वर्मा और रमाशंकर वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।


