•आरोप- शादी का वादा कर 3 साल संबंध बनाए, ढाई लाख रुपए लिए, गर्भपात कराया
प्रयागराज। कर्नलगंज थाना क्षेत्र में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही युवती ने एक युवक पर शादी का झांसा देकर करीब तीन साल तक शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि आरोपी ने उससे करीब ढाई लाख रुपए लिए और शिकायत करने पर धमकी दी। उसने जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर कर्नलगंज पुलिस ने नरसिंह दासपुर, थाना महरुआ, अंबेडकर नगर निवासी मयंक सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर ली है।
पुलिस को दी तहरीर में युवाओं ने बताया हैं कि उसकी मयंक सिंह से बातचीत होती थी। आरोप है कि 14 अगस्त 2023 को मयंक ने उसे मम्फोर्डगंज स्थित टेम्पटेशन होटल में मिलने के लिए बुलाया। युवती का आरोप है कि वहां उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए गए। तहरीर के अनुसार जब उसने इस घटना की शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने उससे शादी करने का वादा किया। इसके बाद वह लगातार शादी का भरोसा देकर उसके साथ संबंध बनाता रहा और उससे मिलता रहा।
युवती द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार आरोपी ने युवती को डराया-धमकाया और उससे करीब ढाई लाख रुपए अपने बैंक खाते में मंगवाए। युवती का कहना है कि 20 फरवरी 2026 को मयंक ने लिखकर भी दिया था कि वह उससे शादी करेगा। इसके बावजूद बाद में आरोपी शादी से मुकर गया। युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी अब लगातार फोन कर उसे धमका रहा है। आरोप है कि मयंक ने शिकायत करने पर जान से मरवाने की धमकी दी और कहा कि वह उससे शादी नहीं कर सकता।
तहरीर में युवती ने आरोपी पर उसका जबरन गर्भपात कराने का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत में लगाए गए सभी आरोपों के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। कर्नलगंज पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। पुलिस बैंक खातों में हुए लेनदेन, दोनों के बीच हुई बातचीत और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की जांच करेगी। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

