•चयन वेतनमान, सर्विस बुक अपडेट और समय से वेतन भुगतान सहित छह प्रमुख मुद्दों पर कार्रवाई की मांग।
रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, ब्लॉक इकाई औरैया के प्रतिनिधिमंडल ने ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद दुबे के नेतृत्व में खंड शिक्षाधिकारी औरैया को शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के समयबद्ध एवं पारदर्शी निस्तारण की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से शिक्षकों से संबंधित लंबित प्रकरणों के कारण उत्पन्न हो रही प्रशासनिक कठिनाइयों और विभागीय लाभ मिलने में हो रही देरी की ओर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि विकास खंड औरैया में कार्यरत कई शिक्षकों के प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं। इनके समय से निस्तारण न होने के कारण शिक्षकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा उन्हें नियमानुसार देय विभागीय लाभ भी समय पर नहीं मिल पा रहे हैं। संघ ने चयन वेतनमान के प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण एवं भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि पात्र शिक्षकों को नियमानुसार चयन वेतनमान का लाभ समय से दिया जाए, ताकि उन्हें अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। इसके अतिरिक्त शिक्षकों की सर्विस बुक को ऑनलाइन अपडेट करने, सेवा संबंधी अभिलेखों का सत्यापन कर त्रुटियों को दूर करने तथा सभी प्रविष्टियों को समय से पूरा कराने की मांग की गई।
संघ ने कहा कि सेवा अभिलेख अद्यतन रहने से भविष्य में पदोन्नति, वेतन निर्धारण, चयन वेतनमान और अन्य विभागीय लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक विलंब नहीं होगा। ज्ञापन में प्रत्येक माह समय से वेतन भुगतान कराने पर भी जोर दिया गया। संघ ने मांग की कि वेतन बिल और वेतन संबंधी अन्य औपचारिकताएं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरी की जाएं, जिससे शिक्षकों को प्रत्येक माह की पहली तारीख तक वेतन प्राप्त हो सके। इसके साथ ही चयन वेतनमान के पात्र शिक्षकों के प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर नियमानुसार लाभ सुनिश्चित करने की बात कही गई।
शिक्षक संघ ने अध्यापक-अध्यापिकाओं द्वारा आवेदन किए गए अवकाशों का समय से निस्तारण करने तथा शिक्षकों की समस्याओं पर चर्चा और समाधान के लिए प्रत्येक माह संगठन के साथ बैठक आयोजित करने की मांग भी उठाई। संघ का कहना है कि नियमित संवाद से समस्याओं का समय रहते समाधान होगा और शिक्षकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े।
इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद दुबे, ब्लॉक मंत्री ओम नारायण पाल, ब्लॉक कोषाध्यक्ष संजीव सविता, राजीव उपाध्याय, आशुतोष चतुर्वेदी, अम्बरीष बाजपेई, विष्णुकांत मिश्रा, पुनीत अवस्थी एवं अंशुल मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल रहे।


