बोधगया/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने बिहार के बोधगया में आयोजित इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (IFWJ) के 132वें राष्ट्रीय परिषद सत्र को वर्चुअल माध्यम से संबोधित किया। उन्होंने पत्रकारिता के महत्व, लोकतंत्र में पत्रकारों की भूमिका, निष्पक्ष एवं निर्भीक पत्रकारिता की आवश्यकता तथा राष्ट्र और समाज के प्रति पत्रकारों के दायित्वों पर अपने विचार व्यक्त किए।
उपमुख्यमंत्री ने IFWJ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार डॉ. के. विक्रम राव को स्मरण करते हुए कहा कि डॉ. राव पत्रकारों की बुलंद आवाज थे। भारतीय पुलिस सेवा में चयनित होने के बावजूद उन्होंने अफसर की कुर्सी के बजाय पत्रकार की कलम को चुना। उन्होंने कहा कि डॉ. राव का जीवन पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्धता, साहस और जनसरोकारों के प्रति समर्पण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उनकी पावन स्मृतियों को नमन करते हुए उन्होंने कहा कि डॉ. के. विक्रम राव का जीवन और कृतित्व पत्रकारिता जगत के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा।
श्री मौर्य ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र की सशक्त आवाज है। पत्रकारों की सक्रियता से महत्वपूर्ण मुद्दे और जनसरोकार समाज के सामने आते हैं। निष्पक्ष, निर्भीक और जिम्मेदार पत्रकारिता जनता को वास्तविक परिस्थितियों से परिचित कराने तथा लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के माध्यम से जनता के सामने विभिन्न राजनीतिक दलों और सरकारों के कार्यों का चित्र प्रस्तुत होता है। पत्रकारों की सक्रियता से राजनीतिक गतिविधियां और जनहित से जुड़े विषय भी जनता के संज्ञान में आते हैं। उन्होंने कहा कि जनता तथ्यों के आधार पर अपना दृष्टिकोण बनाती है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा तथा केंद्र एवं प्रदेश की डबल इंजन सरकार जनता के विश्वास पर खरा उतरने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। जनकल्याण, सुशासन और विकास के माध्यम से जनता का विश्वास अर्जित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और किसानों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने, युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसरों से जोड़ने तथा किसानों की आय और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
श्री मौर्य ने पत्रकारिता के विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे डॉ. के. विक्रम राव जैसे वरिष्ठ पत्रकारों के जीवन से प्रेरणा लेते हुए सत्य, निष्पक्षता, तथ्यपरकता और जनहित को अपनी पत्रकारिता का आधार बनाएं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार प्रस्तुत करने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने, लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का महत्वपूर्ण दायित्व भी है।
उपमुख्यमंत्री ने IFWJ के 132वें राष्ट्रीय परिषद सत्र के आयोजन के लिए आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि इस प्रकार के आयोजन पत्रकारिता जगत में वैचारिक विमर्श, अनुभवों के आदान-प्रदान और युवा पत्रकारों के मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण माध्यम बनेंगे।


