रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जनगणना-2027 के राष्ट्रीय अभियान के लिए मथुरा के बेसिक शिक्षा विभाग के चार शिक्षकों को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। बलवीर सिंह, गिरिश कौशिक, प्रकाश चंद एवं सुधीर सोलंकी को जनसंख्या गणना के लिए मास्टर ट्रेनर नामित किया गया है।
चारों शिक्षकों ने जनगणना के प्रथम चरण हाउस लिस्टिंग ऑपरेशन (एचएलओ) में फील्ड ट्रेनर के रूप में प्रगणक एवं सुपरवाइजर को प्रशिक्षित कर उत्कृष्ट कार्य किया था। इसी अनुभव एवं कार्यदक्षता के आधार पर जिलाधिकारी मथुरा द्वारा उन्हें मास्टर ट्रेनर का दायित्व सौंपा गया है।
बलवीर सिंह को विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा सर्वश्रेष्ठ सुपरवाइजर के रूप में सम्मानित भी किया जा चुका है।
चारों मास्टर ट्रेनरों का चार दिवसीय आवासीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण 16 से 19 सितंबर 2026 तक दीनदयाल उपाध्याय राज्य ग्रामीण विकास संस्थान, बक्शी का तालाब, लखनऊ में आयोजित होगा। प्रशिक्षण के बाद ये जनपद स्तर पर फील्ड ट्रेनरों को प्रशिक्षण देंगे।
इस उपलब्धि पर बेसिक शिक्षा अधिकारी रतन कीर्ति ने बेसिक शिक्षा विभाग से जुड़े चारों शिक्षकों को शुभकामनाएं दी हैं। इस अवसर पर शिक्षा विभाग में हर्ष की लहर है।


