•विधायक मेघश्याम सिंह ने फीता काटकर किया उद्घाटन, बोले—पढ़ाई में लाइब्रेरी का महत्वपूर्ण योगदान।
जैत। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत मथुरा विकासखंड की ग्राम पंचायत बाटी स्थित सामुदायिक भवन में डिजिटल लाइब्रेरी का शुभारंभ किया गया। गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के विधायक ठाकुर मेघश्याम सिंह ने फीता काटकर डिजिटल लाइब्रेरी का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर विधायक ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में लगातार आधुनिक साधनों का प्रयोग बढ़ रहा है। बच्चों की पढ़ाई और ज्ञानवर्धन में लाइब्रेरी का महत्वपूर्ण योगदान है। डिजिटल अध्ययन के माध्यम से विद्यार्थी लाइब्रेरी में बैठकर विभिन्न विषयों से संबंधित जानकारी प्राप्त कर अपने ज्ञान को बढ़ा सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी विशेष रूप से उपयोगी साबित होगी। उन्होंने अभिभावकों से भी बच्चों को डिजिटल लाइब्रेरी में अध्ययन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
ग्राम प्रधान एडवोकेट संजय धनगर ने कहा कि पिछले दस वर्षों में प्रदेश में शिक्षा, खेल, सड़क, पेयजल और बिजली सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिली है।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत बाटी में भी पिछले पांच वर्षों में कई महत्वपूर्ण कार्य कराए गए हैं। इनमें स्वास्थ्य केंद्र की स्वीकृति, खेल मैदान का निर्माण, सामुदायिक भवन, ग्राम पंचायत स्तर पर सीएससी सेंटर का संचालन और श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उदय सिंह ने की, जबकि संचालन एडवोकेट संजय धनगर ने किया। इस मौके पर भाजपा छटीकरा मंडल अध्यक्ष करतार सिंह, प्रभारी एडीओ पंचायत विष्णु सिंह, ग्राम पंचायत सचिव लवी बंसल, छटीकरा प्रधान नरेंद्र कुमार, फैचरी प्रधान भूरा सिरोही, मघेरा प्रधान विष्णु सिंह, भदाल सुंदर प्रधान योगेश चौधरी, डॉ. रोहन सिंह, भगवान सिंह, उदय सिंह, धर्मेंद्र सिंह, जगदीश धनगर, बलवीर सिंह, विजय सिंह, छोटू सिंह, दीपक धनगर, मोहन सिंह, संजू धनगर, लक्ष्मीकांत, दिनेश धनगर, अचल सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


