मथुरा। सुदामापुरी, भैंस बहोरा, थाना कोतवाली क्षेत्र में 17 सितंबर को मंदिर में पूजा कर लौट रहे एक परिवार पर हुए कथित हमले के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में भगवान चतुर्वेदी, रोहित चतुर्वेदी और लता के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायत के अनुसार, श्रीमती आस्था सैनी पत्नी पवन सैनी अपने पति और चार वर्षीय पुत्र के साथ 17 सितंबर की सुबह करीब 4:45 बजे कॉलोनी स्थित मंदिर में पूजा कर घर लौट रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी भगवान चतुर्वेदी, रोहित चतुर्वेदी और लता ने जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनके साथ विवाद किया और रॉड, लाठी-डंडे व ईंटों से हमला कर दिया। घटना में पति-पत्नी के घायल होने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में महिला के साथ छेड़छाड़ और अभद्रता का भी आरोप लगाया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद महात्मा ज्योतिबा फुले विकास समिति के अध्यक्ष रमेश सैनी के नेतृत्व में 18 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की थी। समिति की ओर से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की गई थी।
समिति के अध्यक्ष रमेश सैनी ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा था कि निर्धारित समय में मुकदमा दर्ज नहीं होने पर कोतवाली का घेराव किया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में लुकेश कुमार राही, सूरजभान चौधरी, आकाश बाबू, सुमित कुमार और ऋषि अग्निहोत्री सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
पुलिस ने 26 सितंबर 2026 को थाना कोतवाली में एफआईआर संख्या 0666/2026 दर्ज की। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 352, 115(2), 109, 75, 76, 304(2) और 351(3) के तहत भगवान चतुर्वेदी, रोहित चतुर्वेदी और लता को नामजद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
समिति अध्यक्ष रमेश सैनी ने कहा कि मुकदमा दर्ज होना पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की दिशा में कदम है। उन्होंने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।


