•फरियादियों की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण और कानून-व्यवस्था मजबूत रखने पर जोर
विजय दूत (मयंक त्रिपाठी)
औरैया। जिलाधिकारी बृजेश कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने सोमवार को थाना बेला का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं और अभिलेखों की स्थिति परखी। अधिकारियों ने थाना परिसर, कार्यालय, अभिलेख कक्ष, मालखाना, बैरक और हवालात समेत विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम-एसपी ने थाना क्षेत्र की कानून-व्यवस्था तथा लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनकर उनका नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। लंबित विवेचनाओं और अन्य प्रकरणों को भी गुणवत्तापूर्ण ढंग से शीघ्र निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने अपराधों की रोकथाम के लिए क्षेत्र में पुलिस गश्त और सतर्कता बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही पुलिस कर्मियों से पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी का निर्वहन करते हुए आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के निर्देश दिए।


