रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
महराजगंज, 23 सितंबर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास, 5 कालिदास मार्ग से मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना एवं भारत टैक्सी का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण विकास भवन सभागार महराजगंज में किया गया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सहकारिता विभाग एवं बैंक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की।
मुख्यमंत्री कृषक समृद्धि योजना का संचालन उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक लिमिटेड (एलडीबी) द्वारा किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य लघु एवं सीमांत किसानों को कृषि और कृषि आधारित गतिविधियों के लिए सुगम एवं कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराकर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत करना है। योजना के लिए प्रदेश सरकार ने 384 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है तथा अगले पांच वर्षों में 5 लाख किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।
योजना के तहत पात्र किसानों को ₹6 लाख तक का ऋण 6 प्रतिशत की प्रभावी वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाएगा। समय से किस्तों का भुगतान करने पर राज्य सरकार की ओर से ब्याज अनुदान भी दिया जाएगा। ऋण की अदायगी आसान ईएमआई के माध्यम से की जा सकेगी। ऑनलाइन पोर्टल के जरिए ऋण स्वीकृति प्रक्रिया को पारदर्शी और सुगम बनाया गया है।
कृषि से लेकर पशुपालन और मत्स्य पालन तक मिलेगा ऋण
योजना के अंतर्गत कृषि यंत्रीकरण, मचान विधि से सब्जी उत्पादन, दुग्ध प्रसंस्करण, भूमि सुधार, पशुपालन और मत्स्य पालन समेत विभिन्न गतिविधियों के लिए ऋण उपलब्ध कराया जाएगा। निर्धारित अकृषिक गतिविधियों, जैसे ई-रिक्शा और फुटवियर आदि के लिए भी ऋण सुविधा का प्रावधान किया गया है। इससे किसानों को कृषि के आधुनिकीकरण, उत्पादकता बढ़ाने और आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में योजना के लाभार्थी किसानों को ऋण आवंटन पत्र प्रदान किए गए। किसानों को योजना की पात्रता, ऋण सुविधाओं और आवेदन की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
पीसीयू के सभापति चौधरी शिवेंद्र सिंह ने कहा कि पात्र किसानों तक योजना का लाभ सरल प्रक्रिया, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने बैंक अधिकारियों को ऋण प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया ने कहा कि योजना किसानों की आर्थिक उन्नति का आधार बनेगी। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र किसानों तक योजना का लाभ पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों और संस्थाओं से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया।
पूर्व सभापति संतराज यादव ने कहा कि किसान अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला हैं। कम ब्याज दर पर ऋण मिलने से कृषि एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता सुनील कुमार गुप्ता ने बताया कि सहकारिता विभाग योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रतिबद्ध है। शाखाओं को ऋण प्रकरणों का पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
भारत टैक्सी का भी शुभारंभ
कार्यक्रम के दौरान भारत टैक्सी का भी शुभारंभ किया गया। उपस्थित अतिथियों ने किसानों एवं अन्य लाभार्थियों को दोनों पहलों से मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने कहा कि सहकारी व्यवस्था के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी भोला नाथ कनौजिया, परियोजना निदेशक राम दरस चौधरी, अपर जिला सहकारी अधिकारी, सहायक विकास अधिकारी, एलडीबी के शाखा प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।


