रिपोर्ट: अजमत अली।
कुदरहा, बस्ती। सेवा संकल्प अभियान के तहत ब्लॉक सभागार में शनिवार को पांच दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे एवं विशिष्ट अतिथि भाजपा नेता व पूर्व ब्लॉक प्रमुख ब्रह्मदेव यादव ‘देवा’ ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से लाभार्थियों को एक ही छत के नीचे विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए लोगों से इनका लाभ उठाने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि ब्रह्मदेव यादव ‘देवा’ ने कहा कि भाजपा सर्व समाज के हित में कार्य करने वाली पार्टी है। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्ग के लोगों को जो लाभ मिल रहा है, वह पूर्व की सरकारों में नहीं मिला। सरकार की योजनाओं का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक बिना बिचौलिये के सीधे पहुंचाया जा रहा है।
इसके बाद अतिथियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से अन्नप्राशन एवं गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
शिविर में समाज कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, निर्वाचन, ग्राम्य विकास, कृषि, पशुपालन, मत्स्य, उद्योग एवं सेवायोजन, बैंकिंग एवं ऋण सुविधा, खाद्य एवं रसद, शिक्षा, कौशल विकास, श्रमिक पंजीकरण तथा पंचायती राज विभाग के कर्मचारियों ने स्टाल लगाकर लोगों को संबंधित योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष दुर्गेश अग्रहरि ने किया। इस दौरान अजय पाल, विजय शंकर मिश्र, सच्चिदानंद यादव, सीएम फेलो आनंद सोनी, राहुल कुमार, डॉ. फैज वारिस, नंदलाल राम, मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।


