•चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रदेश के 496 बीईओ का स्थानांतरण, बीएसए रतन कीर्ति करेंगी अधिकारियों को कार्यमुक्त
मथुरा। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के मद्देनजर बेसिक शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर प्रदेश के 496 खंड शिक्षा अधिकारियों (बीईओ) का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया गया है। शिक्षा निदेशक (बेसिक), उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की ओर से जारी आदेश संख्या निरीक्षण/181/2026-27, दिनांक 16 नवंबर 2026 के तहत यह कार्रवाई की गई है।
अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) मनोज कुमार द्विवेदी की ओर से जारी आदेश के क्रम में मथुरा जनपद में भी नौ खंड शिक्षा अधिकारी प्रभावित हुए हैं। इनमें पांच अधिकारियों को दूसरे जिलों से मथुरा भेजा गया है, जबकि चार अधिकारियों का मथुरा से अन्य जनपदों में स्थानांतरण किया गया है।
मथुरा आने वाले अधिकारी
- अमरनाथ – आगरा से मथुरा
- सुमित कुमार – आगरा से मथुरा
- सौरभ आनंद – आगरा से मथुरा
- रवि प्रकाश – मैनपुरी से मथुरा
- ओम प्रकाश अकेला – फिरोजाबाद से मथुरा
मथुरा से स्थानांतरित अधिकारी
- दिनेश कुमार त्रिपाठी – मथुरा से आगरा
- नरेंद्र कुमार – मथुरा से आगरा
- विनय प्रताप सिंह – मथुरा से मैनपुरी
- कौशल कुमार – मथुरा से मैनपुरी
आदेश में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मथुरा रतन कीर्ति को निर्देशित किया गया है कि स्थानांतरित खंड शिक्षा अधिकारियों को तत्काल कार्यमुक्त करते हुए नवीन तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण कराना सुनिश्चित करें।
निर्देश के मुताबिक सभी स्थानांतरित अधिकारियों को बिना किसी प्रतीक्षा के नए तैनाती स्थल पर कार्यभार ग्रहण करना होगा। कार्यभार ग्रहण करने से पहले किसी भी प्रकार का अवकाश देय नहीं होगा। कार्यभार ग्रहण करने संबंधी सूचना निर्धारित ई-मेल के माध्यम से अपर शिक्षा निदेशक (बेसिक) कार्यालय को भेजनी होगी।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इसकी प्रतिलिपि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, संबंधित विभागीय अधिकारियों, समस्त जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों तथा अन्य संबंधित कार्यालयों को भेजी गई है।


