– दुर्घटना के सभी घायलों को संयुक्त जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती दो किशोरियां मृत घोषित
– सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे रोड इंडियन ऑयल के समीप हुआ हादसा
विजय दूत(मयंक त्रिपाठी)
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के हाईवे रोड इंडियन ऑयल के समीप रविवार की दोपहर दो बाइकों पर सवार पांच लोग ट्रक की चपेट में आ गए। दुर्घटना में दो किशोरियों सहित पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के सभी घायलों को स्थानीय जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में चिकित्सक ने जांच के दौरान दो किशोरियों सगी बहनों को मृत घोषित कर दिया गया,जबकि एक गंभीर घायल युवती को हायर सेंटर रेफर किया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक किशोरियों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना की सूचना दूरभाष के माध्यम से परिजनों को दी गई।
कस्बा कोतवाली अजीतमल बाबरपुर लक्ष्मी नगर निवासी,मूल निवासी बरौर थाना अकबरपुर जनपद कानपुर देहात छाया 17 वर्ष व उसकी बहन मनीषा 15 वर्ष पुत्रियां राजू जो अपनी रिश्तेदारी बाबरपुर लक्ष्मी नगर में रहती हैं। इसके अलावा वर्षा 20 वर्ष पुत्री बृजेश निवासी लक्ष्मी नगर बाबरपुर अजीतमल, रामू 18 वर्ष पुत्र भागीरथ व अनिकेत 15 वर्ष पुत्र राजू निवासी बरौर थाना अकबरपुर जनपद कानपुर देहात के साथ रविवार की दोपहर लगभग 1:00 बजे दो बाइकों पर सवार होकर बरौर जा रहे थे।
उपरोक्त दोनों बाइक चालक जैसे ही औरैया कोतवाली क्षेत्र के हाईवे रोड इंडियन ऑयल के समीप पहुंचे, उसी समय उपरोक्त दोनों वाइको पर सवार पांचो लोग ट्रक की चपेट में आ गए और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्घटना के सभी घायलों को सरकारी एंबुलेंस के माध्यम से स्थानीय जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। अस्पताल में ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक ने छाया एवं उसकी बहन मनीषा को जांच के उपरांत मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर घायल वर्षा 20 वर्ष पुत्री बृजेश निवासी लक्ष्मी नगर बाबरपुर को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर चिचौली रेफर कर दिया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों मृतक बहनों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए शव विच्छेदन गृह चिचौली भेज दिया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंच गए। मौत की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। उधर हादसा होने के बाद चालक ट्रक समेत भाग जाने में सफल रहा।


