•लापरवाही पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी, अग्निशमन यंत्र व रेत-पानी की व्यवस्था अनिवार्य।
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर मथुरा-वृंदावन में पटाखों के लाइसेंसधारी दुकानों और गोदामों का बीते दिवस संयुक्त निरीक्षण किया गया। सहायक पुलिस अधीक्षक/पुलिस उपाधीक्षक नगर आशना चौधरी और नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्र ने अग्निशमन विभाग की टीम के साथ दुकानों एवं गोदामों का जायजा लिया। इस दौरान लाइसेंस, स्टॉक और संबंधित रजिस्टरों की जांच की गई।
अधिकारियों ने पटाखों के भंडारण और बिक्री के दौरान सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी अथवा लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
निरीक्षण के दौरान निर्धारित स्थान पर ही लाइसेंस में स्वीकृत सीमा के अनुसार पटाखों का भंडारण करने के निर्देश दिए गए। घनी आबादी, स्कूल, अस्पताल और अन्य संवेदनशील स्थानों से दूर सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
दुकानों एवं गोदामों पर अग्निशमन यंत्रों के साथ पर्याप्त मात्रा में पानी और रेत की व्यवस्था अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए। आतिशबाजी स्थलों पर धूम्रपान तथा किसी भी प्रकार के ज्वलनशील पदार्थ के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध का पालन कराने को कहा गया।
अधिकारियों ने पटाखों के परिवहन के दौरान भी विशेष सावधानी बरतने तथा आतिशबाजी के भंडारण एवं बिक्री से जुड़े श्रमिकों को आवश्यक सुरक्षा नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही से दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी लाइसेंसधारियों को निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करना होगा।


