•जल निकासी बाधाएं दूर करने के साथ सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर।
मथुरा। शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नगर आयुक्त श्री ओजस्वी राज जी ने गुरुवार को वार्ड संख्या 49 डैम्पियर नगर, वार्ड संख्या 35 बनखंडी और वार्ड संख्या 05 भरतपुर गेट क्षेत्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने नालों की स्थिति, जल प्रवाह, जलभराव और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।
डैम्पियर नगर में परिक्रमा मार्ग से गुरु नानक नगर स्थित नाला, कैलाश नगर नाला और जंक्शन रोड स्थित नाले के साथ बनखंडी क्षेत्र के भैंस बहोरा नाले का निरीक्षण किया गया। पीपल अखाड़ा के समीप नाले में गंदगी और चोक मिलने पर तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
नाला निर्माण में आ रही रुकावटों को लेकर स्थानीय लोगों से संवाद कर सहयोग की अपील की तथा अधिकारियों को समन्वय स्थापित कर निर्माण कार्य जल्द शुरू करने और निर्धारित समय में पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कई जीवीपी और भैंस बहोरा-सुदामापुरी डलावघर पर गंदगी मिलने पर नगर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन करने वाली कार्यदायी संस्था नेचर ग्रीन कंपनी पर 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया। उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकता के अनुसार कूड़ा उठान और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नाला चौड़ीकरण को लेकर व्यापार मंडल महानगर अध्यक्ष श्री अभय चतुर्वेदी जी सहित व्यापारियों से सुझाव लिए। श्री चतुर्वेदी ने जंक्शन रोड पर जाम से राहत के लिए नाला छोड़ कर मार्ग चौड़ा करने की मांग की। नगर आयुक्त ने व्यापारियों को आश्वासन देते हुए नगर निगम में बैठक बुलाने की बात कही।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय पार्षद श्री मनोज कुमार, अपर नगर आयुक्त श्रीमती प्रियंका सिंह, मुख्य अभियंता निर्माण श्री संजीव सिंह, सहायक अभियंता श्री सोमेश सिंह, अवर अभियंता श्री इमरान अंसारी सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी एवं व्यापारीगण श्री सुमित चतुर्वेदी, श्री आशु मिश्रा, श्री राजेश गोयल, श्री देवेंद्र कुमार मित्तल, श्री ताराचंद अग्रवाल, श्री नरेश शर्मा मौजूद रहे।


