रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
निचलौल। भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निचलौल पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने 450 बोतल नेपाली देशी शराब बरामद करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में हुई कार्रवाई के दौरान 2 अक्टूबर को ग्राम शितलापुर में सीमा स्तंभ संख्या-502 से करीब 10 मीटर की दूरी पर संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 450 बोतल अवैध नेपाली देशी शराब बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम साहनी (20) पुत्र रमेश साहनी, निवासी डीगही, थाना ठूठीबारी, महराजगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने बरामदगी के आधार पर थाना निचलौल में मु.अ.सं. 0266/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी निचलौल रविंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक योगेन्द्र राय, उपनिरीक्षक सूरज तिवारी समेत पुलिसकर्मी तथा एसएसबी की टीम के एसआई/जीडी धनवीर सिंह रावत, एएसआई/जीडी कैलाशचन्द्र सहित जवान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार भारत-नेपाल सीमा पर अवैध शराब तस्करी की रोकथाम के लिए पुलिस और एसएसबी द्वारा लगातार संयुक्त चेकिंग एवं निगरानी अभियान चलाया जा रहा है।


