•ऑनलाइन भुगतान शुल्क वापस लेने समेत सड़क और जलनिकासी व्यवस्था सुधारने की भी मांग
रिपोर्ट: सुनील पाण्डेय।
सिसवा बाजार (महराजगंज)। सिसवा को पुनः तहसील का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर व्यापारियों ने आंदोलन की तैयारी शुरू कर दी है। गुरुवार शाम गोकुल रेस्टोरेंट में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की नगर इकाई की समीक्षा बैठक में तहसील की मांग को लेकर चरणबद्ध जनांदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि सिसवा लंबे समय से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का प्रमुख व्यापारिक केंद्र है। सिसवा को तहसील का दर्जा मिलने से लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।
व्यापारियों ने ऑनलाइन भुगतान पर लगाए जा रहे 0.4 प्रतिशत शुल्क का भी विरोध किया। उन्होंने शुल्क व्यवस्था पर पुनर्विचार करने की मांग की। इसके साथ ही सड़क, जलनिकासी और बाजार की अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की मांग उठाई गई।
व्यापार मंडल ने जल्द ही जनसंपर्क अभियान चलाकर आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा तय करने का निर्णय लिया। मांग पूरी नहीं होने पर आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान NOTA को लेकर जनजागरूकता अभियान चलाने की बात भी बैठक में कही गई।
बैठक में शिब्बू खान, शिवजी सोनी, संदीप सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।


