रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। चुनाव आयोग को हटाने की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत नगर में पैदल मार्च निकाला।
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम के नेतृत्व में निकाला गया मार्च बिधूना में तहसील गेट से शुरू होकर भगत चौराहा पहुंचा। यहां अंबेडकर पार्क के पास कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन कर विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाया और संविधान के अनुच्छेद 326 का पाठ किया। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह अनुच्छेद देश के नागरिकों को वयस्क मताधिकार का अधिकार प्रदान करता है।
सपा जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने कहा कि एसआइआर के नाम पर मतदाताओं के साथ धांधली की जा रही है। पात्र लोगों के वोट नहीं बनाए जा रहे हैं और विभिन्न बहानों से मतदाताओं के नाम वोटर सूची से काटे जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा है। लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक को अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अधिकार है। यदि किसी पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटा दिया जाता है तो उसका सीधा असर उसके मताधिकार पर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर इंडिया गठबंधन के लोगों ने प्रदर्शन किया था। सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के निर्देश पर दो अक्टूबर से आठ अक्टूबर तक ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत कार्यकर्ताओं को जनता के बीच पहुंचकर मतदाता सूची और मतदान के अधिकार को लेकर जागरूक करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाए रखने के लिए मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा जरूरी है।
पैदल मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की और मतदाता सूची में पारदर्शिता बरतने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं काटा जाना चाहिए और नए पात्र मतदाताओं के नाम नियमानुसार मतदाता सूची में शामिल किए जाने चाहिए।
इस दौरान सपा विधायक प्रदीप यादव, बिधूना विधायक रेखा वर्मा, वरिष्ठ सपा नेता लालजी, बाबा रामनरेश यादव, विनोद यादव कक्का, एलएस गुप्ता, महेंद्र त्रिपाठी, नरेंद्र पाल, श्याम बाबू, रामबाबू यादव, मुहम्मद इरसाद कुरैशी, पूर्व विधायक मदन सिंह गौतम, ओके चौधरी, शैलेंद्र अंबेडकर, विधानसभा अध्यक्ष रानू पालीवाल, रचना सिंह, रंजन पाल, रश्मि यादव, मधु यादव,स्नेहलता दोहरे, पल्लवी पाल, सुमन दिवाकर, मीना कठेरिया, अध्यक्ष राजकुमार गौतम, ध्यान सिंह यादव, अनवर यादव, रामस्नेही पाल, राहुल तिवारी, पुष्पेंद यादव, राजेश कठेरिया, मनीष कठेरिया और ओम प्रकाश ओझा समेत बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।


