मथुरा। कृष्णानगर क्षेत्र स्थित बिजलीघर पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड ने मामूली विवाद के बाद संविदा कर्मी दीपक को गोली मार दी। गोली लगने से दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए आगरा रेफर किया गया है।
बताया गया कि सैनिक कल्याण बोर्ड के माध्यम से तैनात सिक्योरिटी गार्ड नेत्रपाल का किसी बात को लेकर संविदा कर्मी से विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान नेत्रपाल ने दीपक को गोली मार दी। कर्मचारियों के मुताबिक, घटना के समय गार्ड के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह कर्मचारियों को हुई तो बिजलीघर कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद कार्यालय में सन्नाटा नजर आया और कई कर्मचारी वहां से चले गए। ड्यूटी पर तैनात एक गार्ड ने घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना के कारणों और गोली चलाने वाले गार्ड के संबंध में जानकारी जुटा रही है।


