रिपोर्ट: मयंक त्रिपाठी।
औरैया। कोतवाली औरैया क्षेत्र के मलकपुर गांव में 70 वर्षीय वृद्ध महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके बड़े बेटे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी शराब का आदी है और जमीन के विवाद को लेकर भी परिवार से उसका विवाद चल रहा था। शराब पीने के लिए रुपये मांगने पर मां के इनकार से गुस्साए आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जमीन पर कई बार पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई।
26 सितंबर को मलकपुर गांव में वीर सिंह के मकान में उसकी मां श्रीमती देवी पत्नी स्व. रामआसरे का शव मिला था। वह मकान में अकेली रहती थीं। सिर से खून बहता देख डायल-112 पर सूचना दी गई थी। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए थे। मृतका के बेटे वीर सिंह की तहरीर पर बड़े भाई बलवान व एक अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
पुलिस ने रविवार को मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी बलवान पुत्र स्व. रामआसरे, निवासी मलकपुर को चिरहूली पुल के नीचे से सुबह करीब 8:15 बजे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने पहले अपने हिस्से की जमीन बेच दी थी और शराब पीने का आदी था। घटना वाले दिन शराब पीकर वह मां से दोबारा शराब पीने के लिए रुपये मांगने पहुंचा था। रुपये देने से मना करने पर उसने मां को पीटकर जमीन पर पटक दिया, जिससे सिर में गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार तिवारी, उपनिरीक्षक मो. शकील खां और हमराह पुलिस टीम ने की।


