लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि युवाओं की प्रतिभा और ऊर्जा को सही दिशा देकर प्रदेश को समृद्ध बनाने में सफलता मिली है। वर्ष 2017 में सरकार ने संकल्प लिया था कि प्रदेश के नौजवानों को उनका गौरव और सम्मान दिलाया जाएगा।
इसी संकल्प की दिशा में सोमवार को लखनऊ में ‘मिशन रोजगार’ के अंतर्गत उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा निष्पक्ष एवं पारदर्शी चयन प्रक्रिया से चयनित 1,375 ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों से कहा कि उन्हें अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी चयनित युवा अपनी-अपनी ग्राम पंचायतों को विकास की नई दिशा देने के साथ उन्हें एक नई पहचान दिलाने में योगदान करेंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी चयनित युवाओं एवं उनके परिजनों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।


