•पेराई सत्र की तैयारियों की डीएम ने की समीक्षा, चीनी मिलों में 80 फीसदी मरम्मत कार्य पूरा।
•गन्ना मूल्य के सापेक्ष 2112 करोड़ रुपये का भुगतान, संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
सीतापुर। आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक हुई। इसमें जिले की सभी चीनी मिलों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक में चीनी मिलों की तैयारियों, गन्ना मूल्य भुगतान और गन्ने की ढुलाई को सुचारु बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि पिछले वर्ष के गन्ना मूल्य के सापेक्ष चीनी मिलों द्वारा कुल 2112 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। वहीं, सभी चीनी मिलों में मरम्मत और अनुरक्षण का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। मौसम अनुकूल रहने पर अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से नवंबर के प्रथम सप्ताह के बीच चीनी मिलों में पेराई शुरू होने की संभावना है।
संपर्क मार्गों की मरम्मत के निर्देश
जिलाधिकारी ने चीनी मिलों तक जाने वाले संपर्क मार्गों को गड्ढामुक्त करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए। उन्होंने सड़कों के ऊपर लटक रही पेड़ों की डालियों की छंटाई कराने और ढीले विद्युत तारों को दुरुस्त कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पेराई सत्र के दौरान गन्ने की ढुलाई में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
गन्ना क्रय केंद्रों पर नियमों का पालन अनिवार्य
डीएम ने सभी चीनी मिलों को गन्ना क्रय केंद्रों के संचालन में निर्धारित विभागीय नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही गन्ना ढुलाई में लगे ट्रकों की ऊंचाई और सुरक्षा मानकों का अनुपालन कराने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों और चीनी मिल प्रबंधन को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि पेराई सत्र का संचालन सुचारु और सुरक्षित ढंग से हो सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), जिला गन्ना अधिकारी, सहायक चीनी आयुक्त, एआरटीओ तथा लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत, वन, यातायात और बाट-माप विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


