•मां ललिता देवी मंदिर और चक्रतीर्थ का किया निरीक्षण, सीसीटीवी निगरानी से लेकर साफ-सफाई तक के दिए निर्देश।
रिपोर्ट: राहुल मिश्रा।
नैमिषारण्य (सीतापुर)। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शुक्रवार को तहसील मिश्रिख स्थित मां ललिता देवी मंदिर (राजघाट) और चक्रतीर्थ का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े सभी इंतजाम दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सीसीटीवी कैमरों से होगी सतत निगरानी
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मां ललिता देवी मंदिर के सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया। उन्होंने सभी कैमरों को लगातार क्रियाशील रखने और मंदिर परिसर की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने पर जोर
जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग को मंदिर परिसर में बैरिकेडिंग व्यवस्थित रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि भीड़भाड़ के दौरान व्यवस्थाएं सुचारू रहें और दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
मंदिर परिसर और चक्रतीर्थ पर स्वच्छता के निर्देश
जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को मां ललिता देवी मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं, चक्रतीर्थ घाट पर स्वच्छता बनाए रखने के साथ महिलाओं के लिए बनाए गए चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुचारू रखने पर विशेष जोर दिया।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आगामी त्योहारों के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।


