•जाति-धर्म से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करें संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता
रिपोर्ट : विजय नागपाल।
मथुरा। भ्रष्ट राजनीतिक स्वार्थों के चलते विभिन्न राजनीतिक दल राष्ट्रनीति की अनदेखी कर रहे हैं, जो देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता के लिए खतरा साबित हो सकता है। राष्ट्रनीति से खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यह विचार राष्ट्रवादी संगठन वंदे मातरम यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय प्रमुख एडवोकेट गुल चमन शेरवानी ने जिला कमेटी की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

उन्होंने कहा कि कुछ फिरकापरस्त ताकतें देश की एकता और अखंडता को कमजोर करने तथा हिंदू-मुस्लिम समुदायों के बीच नफरत की दीवार खड़ी करने का प्रयास कर रही हैं। हालांकि, देश की जागरूक और समझदार जनता उनके नापाक इरादों को कभी सफल नहीं होने देगी। ऐसी ताकतों को एकजुट होकर मुंहतोड़ जवाब दिया जाएगा।
श्री शेरवानी ने संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से जाति, धर्म एवं भेदभाव से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में कार्य करने तथा सामाजिक एकता और भाईचारे को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर संगठन के प्रदेश प्रभारी बंटी सिद्दीकी हिंदुस्तानी, जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राघव, जावेद खान, अभिषेक, कुमारी जूली, कुमारी लक्ष्मी, कुमारी रजनी, तुलसी बेगम और शमी मलिक ने गुल चमन शेरवानी का भव्य स्वागत किया। जिलाध्यक्ष जयप्रकाश राघव ने संगठन के पदाधिकारियों को मिठाई एवं दीपावली के उपहार भेंटकर पर्व की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश प्रभारी बंटी सिद्दीकी हिंदुस्तानी ने की, जबकि संचालन बेगम शमी मलिक ने किया।


