रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मिर्जापुर। मां विंध्यवासिनी धाम में 11 अक्टूबर से शुरू हो रहे शारदीय नवरात्र मेले को लेकर नगर पालिका परिषद विंध्याचल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, प्रकाश और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है।
बीते बुधवार को नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी और अधिशासी अधिकारी जी. लाल ने परिक्रमा पथ, गंगा घाट, मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उनके साथ कर्मचारी देवेंद्र सिंह सहित अन्य विभागीय कर्मी मौजूद रहे। अध्यक्ष ने सफाई, स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट, कूड़ा निस्तारण और जलापूर्ति का जायजा लेकर कर्मचारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
गौरतलब है कि इससे पूर्व जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर मंदिर, घाटों पर बैरिकेडिंग, पार्किंग, यातायात और चिकित्सा व्यवस्था समय से पूरी करने के निर्देश दिए थे।
उधर अटल चौक (अमरावती चौराहा) पर हाईमास्ट लाइट का काम अब तक अधूरा है। बेस बनने के बाद निर्माण रुका हुआ है और कई स्ट्रीट लाइटें भी खराब हैं, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने मेला शुरू होने से पहले प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है।
नगर पालिका प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि नवरात्र से पहले सभी व्यवस्थाएं पूर्ण कर श्रद्धालुओं को सुचारु सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।


