बस्ती। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के पिकौरा सानी कट के पास हाईवे पर गुरुवार को सड़क हादसे में बाइक सवार 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गड़हा गौतम निवासी वंशराज पुत्र बद्री प्रसाद (65) अपने गांव के ही भागेलू राम पुत्र दुखराम (75) के साथ मोटरसाइकिल से कप्तानगंज से पिकौरा सानी की ओर जा रहे थे। दोनों जैसे ही पिकौरा सानी कट के पास पहुंचे और बाइक को मोड़ने लगे, तभी पीछे से आ रहीतेज रफ़्तार कार ने उनकी मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगने से बाइक सवार दोनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँचे चौकी इंचार्ज महराजगंज ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने भागेलू राम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल वंशराज का उपचार जारी है।


