•जाम से निपटने के लिए होल्डिंग एरिया चिह्नित, सफाई और पेयजल व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
मथुरा। धान की लगातार बढ़ रही आवक के मद्देनजर नगर मजिस्ट्रेट अनुपम कुमार मिश्रा ने कृषि उत्पादन मंडी समिति, मथुरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गल्ला मंडी और सब्जी मंडी में किसानों, व्यापारियों एवं उनके प्रतिनिधियों से बातचीत कर समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में खाली पड़े स्थानों की साफ-सफाई कराकर होल्डिंग एरिया चिह्नित कराया गया, ताकि अतिरिक्त कृषि वाहनों को व्यवस्थित तरीके से खड़ा किया जा सके। मंडी परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए नगर मजिस्ट्रेट ने मंडी सचिव रेनू वर्मा को अतिरिक्त सफाई कर्मी लगाने के निर्देश दिए।
मंडी में वाहनों की आवाजाही के दौरान जाम और अव्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को भी कहा गया। किसानों और व्यापारियों की सुविधा के लिए मंडी परिसर में तत्काल पानी के टैंकर की व्यवस्था कराई गई।
नगर मजिस्ट्रेट ने गल्ला मंडी और सब्जी मंडी के व्यापारियों तथा किसानों से मंडी परिसर की निर्धारित सीमा के भीतर ही कारोबार करने की अपील की। साथ ही खाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मंडी में चिह्नित रिक्त स्थानों पर खड़ा करने को कहा, जिससे आवागमन बाधित न हो और जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं हो।
निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव रेनू वर्मा के अलावा व्यापार मंडल के प्रतिनिधि सूरजभान, धर्मचंद्र, आलोक शर्मा, अशोक सिंह, रामवीर सिंह, विष्णु तथा सब्जी मंडी के व्यापारी जितेंद्र चौधरी, मोहम्मद सईद, मोहम्मद कामरान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


