रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
विंध्याचल, मिर्जापुर। विंध्याचल थाना क्षेत्र के सिकरा कला गांव में बुधवार सुबह करीब 7:30 बजे नाले के पास कीचड़ में एक दिन से कम उम्र की नवजात शिशु मिली, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। नवजात शिशु के मिलने की सूचना सोनू पाठक द्वारा तत्काल 112 नंबर पर पीआरवी को दी गई। सूचना मिलते ही पीआरवी टीम मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी थाने को दी।
इसके बाद रेखा देवी पत्नी विद्यासागर नवजात शिशु को पुलिस के साथ उपचार के लिए पीएचसी सर्रोई लेकर पहुंचीं। सूचना मिलते ही हल्का प्रभारी भी मौके पर पहुंचे। पीएचसी सर्रोई में डॉ. रत्नाकर मिश्रा ने नवजात शिशु का स्वास्थ्य परीक्षण किया। शिशु की हालत ठीक नहीं होने पर चिकित्सक ने उसे बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।


