बस्ती में धूमधाम से मनाई गई गांधी-शास्त्री जयंती, मंडलायुक्त व डीएम ने दिलाई एकता-अखंडता की शपथ
बस्ती। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती शुक्रवार को जिलेभर में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान हुआ। अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ ली। विभिन्न कार्यक्रमों में दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संकल्प लिया गया।

मंडलायुक्त कार्यालय में हुआ आयोजन
मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने मंडलायुक्त कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया। इसके बाद सभागार में गांधी और शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों का जीवन सादगी, सत्य और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण रहा। उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी ने कहा कि दोनों नेताओं ने देश की परिस्थितियों को समझते हुए स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के हित को अपने विचारों में प्रमुखता दी। अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र कुमार यादव ने कहा कि गांधी और शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन आज भी समाज के लिए प्रेरणादायी है।
संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी ने कहा कि सत्य और अहिंसा गांधी के प्रमुख हथियार थे। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी सत्यनिष्ठा से निर्वहन करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में सरस्वती बालिका विद्यालय रामबाग की छात्राओं अर्पिता, अदिति और रक्षिता ने संगीत शिक्षिका पंखुड़ी मिश्रा के निर्देशन में गांधी जी का प्रिय भजन प्रस्तुत किया। उत्कृष्ट प्रस्तुति के लिए छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
कलेक्ट्रेट में डीएम ने दिलाई शपथ
कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने ध्वजारोहण किया। सामूहिक राष्ट्रगान के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई गई। उन्होंने गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण किया।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सत्य, अहिंसा और सेवा के सिद्धांतों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताया। उन्होंने कहा कि सरकारी कार्यालय में समस्या लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की शिकायत का शीघ्र निस्तारण किया जाना चाहिए। उच्च पद पर रहते हुए भी सादगी बनाए रखना महापुरुषों के जीवन से मिलने वाली महत्वपूर्ण सीख है।
उन्होंने कहा कि गांधी के जीवन और विचारों पर आधारित पुस्तकों का अध्ययन कर उनके आदर्शों को व्यवहार में उतारने की जरूरत है। विविधता में एकता, स्वच्छता, समानता और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना गांधी के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
इसके बाद जिलाधिकारी गांधी कला भवन पहुंचीं और गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने परिसर में आम का पौधा भी लगाया। जीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किया। डीएम ने प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कृत कर उपहार भेंट किए।
इस दौरान अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती सहित अन्य अधिकारियों ने गांधी जी के सत्य और अहिंसा के विचारों को स्मरण किया। कार्यक्रम का संचालन मो. काजी अनवार हुसैन ने किया। विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


