•घर के पीछे का गेट तोड़कर चुराए थे सोलर पैनल और बैटरी, पुलिस ने सामान किया बरामद
रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि
मीरजापुर। अहरौरा थाना क्षेत्र में घर का गेट तोड़कर सोलर पैनल और बैटरी चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक बाल अपचारी समेत दो आरोपियों को पकड़ा है। उनके कब्जे से चोरी की एक बैटरी, एक सोलर पैनल और लोहे का एक पट्टा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, भुड़कुड़ा निवासी तेजबली सिंह पुत्र स्व. छोटेलाल सिंह ने 7 अक्टूबर 2026 को अहरौरा थाने में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात लोगों ने उनके घर के पीछे का गेट तोड़कर सोलर पैनल, बैटरी आदि सामान चोरी कर लिया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 206/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में 8 अक्टूबर को उपनिरीक्षक धनुषधारी पांडेय ने पुलिस टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मामले से संबंधित एक बाल अपचारी और चंद्रिका पुत्र लक्ष्मण निवासी चौकिया, थाना चुनार, जनपद मीरजापुर को पकड़ा।
पुलिस ने दोनों के कब्जे से चोरी की एक बैटरी, एक सोलर पैनल और लोहे का एक पट्टा बरामद किया। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।


