•कुदरहा ब्लॉक परिसर में प्रधानों ने ब्लॉक प्रमुख का किया स्वागत
कुदरहा(बस्ती)। ग्राम प्रधानों को गांव का “प्रशासक” बनाए जाने की घोषणा के बाद कुदरहा ब्लॉक क्षेत्र के प्रधानों में खुशी की लहर दौड़ गई। मंगलवार को ब्लॉक परिसर में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम प्रधानों ने ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्राम प्रधान एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अनिल दुबे ने कहा कि ग्राम प्रधान गांव के विकास की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि गांवों को स्वच्छ, सुंदर और विकासशील बनाने में प्रधानों का योगदान सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधानों को सम्मान मिलने से उनका मनोबल बढ़ेगा और वे विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएंगे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया।
इस मौके पर रामप्रकाश यादव, इंद्र कुमार चौधरी, पंकज पांडेय, बिपेंद्र सिंह, राजेश यादव, अजय पाल सहित क्षेत्र के तमाम ग्राम प्रधान मौजूद रहे। कार्यक्रम का माहौल उत्साह और खुशी से भरा रहा।