राहुल मिश्रा, जिला रिपोर्टर
मिश्रिख, सीतापुर। मिश्रिख नगर क्षेत्र में लगातार हो रही अघोषित बिजली कटौती से आमजन का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। भीषण गर्मी के बीच हर घंटे हो रही बिजली कटौती से लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगरवासियों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
प्रदेश सरकार द्वारा शहरों में 24 घंटे और ग्रामीण क्षेत्रों में 18 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भी निर्बाध बिजली आपूर्ति को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं, लेकिन मिश्रिख क्षेत्र में इन आदेशों का पालन होता दिखाई नहीं दे रहा है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग के कर्मचारी और अधिकारी शासन के निर्देशों को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। लगातार हो रही कटौती के कारण लोगों का दैनिक कार्य प्रभावित हो रहा है। रात के समय बिजली बाधित रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
नगरवासियों ने जिलाधिकारी का ध्यान इस समस्या की ओर आकर्षित कराते हुए बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग की है। साथ ही लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की भी मांग उठाई है।