सिद्धार्थनगर। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. ने शासकीय कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में दो पूर्ति निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि प्रदान की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शासन के महत्वपूर्ण निर्देशों का पालन न करने, कार्यालय में निर्धारित समय पर उपस्थित न रहने तथा जनसुनवाई में लापरवाही बरतने के कारण यह कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में निर्देशित किया गया था कि सभी संबंधित अधिकारी प्रतिदिन कार्यालय में उपस्थित रहकर पूर्वाह्न 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई सुनिश्चित करें, लेकिन संबंधित पूर्ति निरीक्षक अक्सर तहसील से अनुपस्थित पाए गए।
इसके अतिरिक्त वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद पेट्रोल पंपों एवं गैस एजेंसियों पर प्रभावी निगरानी न रखना, आईजीआरएस एवं अन्य जन शिकायतों का समय से निस्तारण न करना तथा शिकायतकर्ताओं एवं आमजन के साथ समुचित व्यवहार न करना भी कार्रवाई का प्रमुख कारण बताया गया है।
इन्हीं कारणों से श्रीमती प्रियंका कश्यप, पूर्ति निरीक्षक उसका बाजार एवं श्रीमती माला गुप्ता, पूर्ति निरीक्षक लोटन को जिलाधिकारी द्वारा प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। इस संबंध में जानकारी जिला पूर्ति अधिकारी देवेन्द्र प्रताप सिंह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।