सहजनवा। गीडा थाना क्षेत्र के नगवा के पास गाड़ी ओवरटेक करने के मामूली विवाद में कार चालक पर जानलेवा हमला करने और कार को पेट्रोल छिड़ककर आग के हवाले करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों को कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।
क्या था पूरा मामला
मिली जानकारी के मुताबिक, शाहपुर थाना क्षेत्र के मैरियागढ़ (विष्णु मंदिर) के रहने वाले अंकित उपाध्याय पुत्र तंगुनाथ उपाध्याय सोमवार सुबह करीब पौने आठ बजे अपने परिवार के साथ कार से शहर में शॉपिंग करने गए थे। परिवार को शॉपिंग कराने के बाद उनका चालक नंदन पांडेय (निवासी नगवा, थाना गीडा) कार लेकर वापस घर लौट रहा था।
जैसे ही चालक कार लेकर नगवा के पास पहुंचा, तभी गाड़ी ओवरटेक करने की बात को लेकर कुछ मनबढ़ युवकों से उसका विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मनबढ़ों ने चालक नंदन पांडेय की जान लेने की नीयत से उस पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने दुस्साहस दिखाते हुए कार पर पेट्रोल छिड़का और उसे आग के हवाले कर दिया। इस घटना में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई, जबकि चालक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
पीड़ित की तहरीर पर दर्ज हुआ था केस
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर गीडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के नामजद आरोपियों कपिल सिंह, शुभम सिंह, श्रेयांश सिंह, विशाल सिंह और सुनील सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास (अटेंप्ट टू मर्डर) और आगजनी सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दबोचा
मंगलवार को गीडा थाना के प्रभारी निरीक्षक अश्वनी पाण्डेय के नेतृत्व में उपनिरीक्षक योगेश यादव, उपनिरीक्षक विकास मिश्रा, उपनिरीक्षक हरिशंकर यादव, कांस्टेबल अंकित कुमार और पिंटू कुमार की टीम संदिग्धों और वारंटियों की तलाश में क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि घटना में शामिल दो मुख्य आरोपी अपने घर पर ही मौजूद हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान:
कपिल सिंह पुत्र राम प्रसाद सिंह निवासी नगवा, थाना गीडा
विशाल सिंह पुत्र गिरिजाशंकर सिंह (निवासी नगवा, थाना गीडा)
सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर घेराबंदी की और दोनों अभियुक्तों को उनके निवास स्थान से धर दबोचा। पुलिस के मुताबिक, मामले के बाकी फरार आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।