कुदरहा (बस्ती)। बहादुरपुर विकास क्षेत्र के ग्राम पंचायत कलवारी में शुक्रवार को पीएम प्रणाम किसान गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को मृदा परीक्षण के महत्व से अवगत कराना तथा वैज्ञानिक खेती के प्रति जागरूक करना था।

गोष्ठी में कृभको सेवा केंद्र कलवारी के प्रभारी शिवम गुप्ता ने उपस्थित किसानों को मृदा परीक्षण की आवश्यकता और उसके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने किसानों को खेत से मिट्टी का नमूना लेने की सही विधि भी बताई। उन्होंने कहा कि मृदा परीक्षण के माध्यम से यह पता चलता है कि कृषि योग्य भूमि में आवश्यक पोषक तत्व मानक के अनुरूप उपलब्ध हैं या नहीं। इसके आधार पर किसान संतुलित मात्रा में उर्वरकों का प्रयोग कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने किसानों से समय-समय पर अपनी भूमि का मृदा परीक्षण कराने की अपील की। गोष्ठी के दौरान 10 किसानों के खेतों से मृदा परीक्षण हेतु नमूने एकत्र किए गए। उन्होंने बताया कि यह परीक्षण पूरी तरह निःशुल्क किया जा रहा है, जिससे किसानों को अपनी भूमि की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके और आवश्यक पोषक तत्वों की पूर्ति कर अच्छी पैदावार सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम में रमेश चौधरी, राम गोपाल दुबे, बृजभान चौधरी, रामदास, शोभाराम चौधरी, शेषनाथ, सुदामा चौधरी, राम जियावन, भवानी प्रसाद, रामधनी सहित क्षेत्र के अनेक किसान उपस्थित रहे।