सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार आज डुमरियागंज विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत भारत भारी में लोकमाता अहिल्याबाई होलकर जी की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके जीवन एवं योगदान को स्मरण किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस पार्टी सिद्धार्थनगर के जिला अध्यक्ष क़ाज़ी सुहेल अहमद ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होलकर भारतीय इतिहास की महान शासिका, समाज सुधारक एवं जनसेविका थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में न्याय, धर्मनिरपेक्षता, जनकल्याण और मानवता की सेवा का आदर्श प्रस्तुत किया। उनके द्वारा देशभर में मंदिरों, घाटों, कुओं, धर्मशालाओं तथा अन्य जनोपयोगी निर्माण कार्यों के माध्यम से समाज को नई दिशा मिली।
जिला महासचिव राजन श्रीवास्तव एवं युवा कांग्रेस प्रदेश महासचिव अश्विनी सिंह सोलंकी ने कहा कि अहिल्याबाई होलकर महिलाओं के सशक्तिकरण की अग्रदूत थीं। उन्होंने महिलाओं को सम्मान और अवसर प्रदान करने का कार्य किया तथा समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की सेवा को अपना जीवन समर्पित किया। उनका जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। आज आवश्यकता है कि हम उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में सद्भाव, समानता और सेवा की भावना को मजबूत करें।इस अवसर पर रियाज़ मनिहार, आसिफ़ रिज़्वी, अर्जुन कन्नौजिया, जहीर अहमद, आदि उपस्थित थे ।