मथुरा। अखिल भारतीय समता फाउंडेशन जनपद मथुरा के तत्वावधान में सर्वकल्याण की धारा प्रवाहित करने वाली मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती पर कृष्णा नगर स्थित कैंप कार्यालय में पुष्पांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चित्रसेन मौर्य ने की, जबकि संचालन सागर सिंह ने किया। सर्वप्रथम उपस्थित अनुयायियों ने मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।
मुख्य रूप में पधारे समाजवादी पार्टी के पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र लोधी एवं बाबा साहब अम्बेडकर वाहिनी समाजवादी पार्टी महानगर के अध्यक्ष रमेश सैनी ने संयुक्त रूप से मातेश्वरी के जीवन के प्रेरक एवं अनुकरणीय प्रसंगों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता द्वारा जनकल्याण के लिए किए गए कार्य आज भी प्रासंगिक हैं। उन्होंने मंदिरों, घाटों, धर्मशालाओं का जीर्णोद्धार कराकर सामाजिक समरसता की मिसाल कायम की।
अखिल भारतीय समता फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष लुकेश कुमार राही ने कहा कि मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर ने सभी वर्गों के कल्याण हेतु अद्भुत कार्य किए। उन्होंने जोर देकर कहा, “पराधीन भारत में मातेश्वरी अहिल्याबाई होलकर नारी सशक्तिकरण की अद्भुत प्रेरणा थीं। उन्होंने कुशल शासन, न्यायप्रियता और लोककल्याण से यह सिद्ध किया कि नारी अबला नहीं, शक्ति का स्वरूप है।”
पुष्पांजलि सभा में चित्रसेन मौर्य, डॉ. राजेंद्र लोधी, सागर सिंह, राज गब्बर, बृजकिशोर सक्सेना, देवेंद्र कुमार, सौदान सिंह, सुमित कुमार, जितेंद्र सिंह, गजेंद्र सावला, आकाश बाबू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।