रिपोर्ट: विजय नागपाल।
मथुरा। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा बिजली दरों में प्रस्तावित 10 प्रतिशत वृद्धि के विरोध में आज जिला मुख्यालय पर दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि प्रदेश सरकार लगातार महंगाई बढ़ाने वाले फैसले लेकर जनता की कमर तोड़ने का काम कर रही है। पहले से ही महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही जनता पर बिजली दरों में 10 प्रतिशत वृद्धि का अतिरिक्त बोझ डालना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है। कांग्रेस पार्टी इसका पुरजोर विरोध करती है और सरकार से इस निर्णय को तत्काल वापस लेने की मांग करती है।
राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी मानवेंद्र सिंह पांडव ने कहा कि भाजपा सरकार गरीब, किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग के हितों की अनदेखी कर रही है। बिजली जैसी मूलभूत आवश्यकता को महंगा बनाकर सरकार जनता का शोषण कर रही है। कांग्रेस पार्टी सड़क से लेकर सदन तक इस जनविरोधी फैसले का विरोध करेगी। उन्होंने कहा कि जनता पर बढ़ते हुए आर्थिक बोझ को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष पंडित उमेश शर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों के कारण आम आदमी का जीवन कठिन होता जा रहा है। बिजली, पानी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी आवश्यक सेवाओं पर लगातार आर्थिक दबाव बढ़ाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी और सरकार को जनहित के मुद्दों पर जवाब देने के लिए मजबूर करेगी।
दीपदान कार्यक्रम के माध्यम से कांग्रेसजनों ने प्रदेश सरकार को चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में वृद्धि का प्रस्ताव वापस नहीं लिया गया तो कांग्रेस पार्टी व्यापक जनआंदोलन चलाने के लिए बाध्य होगी।
कार्यक्रम का संचालन मनोज गौड़ ने किया। कार्यक्रम में उपस्थित प्रवक्ता कुंवर सिंह निषाद बलवीर प्रधान गौरांग अग्रवाल रमेश कश्यप गीता दिवाकर हाशिम ह्यूमर बलवीर सिंह आशीष अग्रवाल करण निषाद विपुल पाठक अशोक निषाद बलवीर अनिल खरे मोनू अमित आदि लोग उपस्थित रहे।