रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मिर्जापुर। थाना पड़री पुलिस ने रामनगर कैनाल पंप से केबल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई दो केबल बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को विजय कुमार सरोज, निवासी पटिया अकसौली, थाना पड़री ने रामनगर कैनाल पंप पर रखी केबल चोरी होने की सूचना देते हुए अज्ञात चोरों के विरुद्ध तहरीर दी थी। तहरीर के आधार पर थाना पड़री में मु0अ0सं0-203/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ई) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को गंभीरता से लेते हुए अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में मामले का शीघ्र खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए थे।
निर्देशों के अनुपालन में थाना पड़री पुलिस ने भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी बैजनाथ पुत्र मेवालाल, निवासी ग्राम बाबू पतारी कनौरा, थाना पड़री, जनपद मिर्जापुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की गई दो अदद केबल भी बरामद की हैं।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी करते हुए नियमानुसार विधिक कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है।