रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। थाना मड़िहान पुलिस ने बकरी चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन तथा चोरी की गई बकरी की बिक्री से प्राप्त ₹15,750 की नकदी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को भदौहा निवासी उमाशंकर पुत्र बाऊल ने थाना मड़िहान में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात व्यक्ति उनकी बकरी चोरी कर पिकअप वाहन से फरार हो गए। तहरीर के आधार पर थाना मड़िहान में बीएनएस की धारा 305(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन एवं क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में थाना मड़िहान पुलिस ने भौतिक एवं इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 24 जुलाई को अहमद रजा पुत्र अकवाल और मोहर्रम पुत्र बेचू, दोनों निवासी ग्राम डिलाही, थाना कर्मा, जनपद सोनभद्र को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (यूपी 64 बीटी 8260) तथा चोरी की गई बकरी की बिक्री से प्राप्त ₹15,750 की नकदी बरामद की। गिरफ्तारी और बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी कर दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।