रिपोर्ट: मनोज अग्रहरि।
मीरजापुर। थाना पड़री क्षेत्र के उसरहवा गांव के समीप रेलवे ट्रैक के किनारे मिले किन्नर के शव के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को अरशलान पुत्र सत्तार खान, निवासी घोसिया थाना औराई, जनपद भदोही ने थाना पड़री में तहरीर देकर आशंका व्यक्त की थी कि नामजद आरोपी ने उसके पिता सत्तार खान उर्फ हसीना (किन्नर) की हत्या कर शव को थाना पड़री क्षेत्र के उसरहवा गांव के पास रेलवे ट्रैक किनारे फेंक दिया।
तहरीर के आधार पर थाना पड़री में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) एवं 238(बी) के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया।
विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर थाना पड़री पुलिस तथा एसओजी/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 24 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर आरोपी सोनू विश्वकर्मा पुत्र शिवराज विश्वकर्मा, निवासी चक जीवरानी, थाना कोतवाली भदोही, जनपद भदोही को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त ऑटो (संख्या यूपी-65-क्यूटी-2228) भी बरामद किया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।