•मुश्ताक खान के निधन पर वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शेख ने जताया गहरा शोक
रिपोर्ट: विजय नागपाल।
बस्ती। वंचित समाज इंसाफ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जनाब डॉ. शेख ने फिल्म जगत के अभिनेता मुश्ताक खान के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि मुश्ताक खान एक बेहतरीन अदाकार होने के साथ-साथ बहुत अच्छे और नेकदिल इंसान थे। उनका निधन व्यक्तिगत रूप से उनके लिए भी अपूरणीय क्षति है।
डॉ. शेख ने कहा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा है कि मुश्ताक खान अब उनके बीच नहीं रहे। उन्होंने बताया कि करीब दो माह पूर्व दिल्ली में उनकी मुश्ताक खान से मुलाकात हुई थी। इस दौरान उन्होंने लगभग तीन घंटे उनके साथ बिताए और साथ में भोजन भी किया। उन्होंने कहा कि उस मुलाकात की यादें हमेशा उनके साथ रहेंगी।
उन्होंने कहा कि मुश्ताक खान ने अपने शानदार अभिनय से फिल्म जगत में अलग पहचान बनाई। उन्होंने विभिन्न प्रकार के किरदार निभाकर अपनी अभिनय प्रतिभा का लोहा मनवाया। उनके द्वारा निभाए गए किरदार और अभिनय की यादें हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेंगी।
डॉ. शेख ने कहा कि मुश्ताक खान जरूरतमंद और गरीब लोगों की मदद के लिए भी हमेशा आगे रहते थे। उनका सरल स्वभाव और दूसरों की मदद करने की भावना उन्हें एक बेहतरीन इंसान बनाती थी। उनका जाना उनके लिए व्यक्तिगत क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
अंत में डॉ. शेख ने अल्लाह पाक से दुआ की कि मरहूम मुश्ताक खान की मगफिरत फरमाए, उन्हें जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम अता करे तथा उनके परिजनों को इस दुख की घड़ी में सब्र और हिम्मत प्रदान करे।


