मथुरा। नगर निगम के नगर आयुक्त जग प्रवेश मंगलवार को बाइक पर सवार होकर शहर के विभिन्न वार्डों के भ्रमण पर निकले। उन्होंने वार्डों में जाकर सफाई व्यवस्था, नाली-खड़ंजा, जलभराव और स्ट्रीट लाइटों की जमीनी हकीकत परखी।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर कूड़े के ढेर और नालियों में गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद सफाई निरीक्षकों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए।
नगर आयुक्त ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि कूड़ा इधर-उधर न फेंके और नगर निगम का सहयोग करें।


